राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में टेट परीक्षा का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश हाईकोर्ट की तरफ से अभ्यर्थियों को यह राहत दी गई हैं और अब जल्द ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जिन सात विषयों में टेट परीक्षा प्रदेश हाईकोर्ट से करवाने की अनुमति दी गई है उन्हें जल्द ही आयोजित करेगा।
प्रदेश हाईकोर्ट ने बोर्ड को जेबीटी टेट को छोड़कर अन्य 7 विषयों के टेट करवाने की परमिशन दे दी है। बीएड कैंडीडेट को जेबीटी टेट में शामिल करने के विरोध में जेबीटी यूनियन ने प्रदेश हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था। प्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले में 15 दिसंबर को सुनवाई निर्धारित की थी। बोर्ड की ओर से लिखे गए पत्र के आधार पर अब बोर्ड ने जेबीटी टेट को छोड़ अन्य 7 टेट के आयोजन की अनुमति प्रदान कर दी है।
10 दिसंबर को जेबीटी टेट प्रात:कालीन सत्र में होना है। वहीं अब जेबीटी टेट फिलहाल पोस्टपोन रहेगा, जबकि बाकी टेट आयोजित किए जाएंगे। इस बार 8 विषयों के टेट के लिए 65160 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से सबसे अधिक 22 हजार 400 आवेदन जेबीटी टेट के लिए आए हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से विभिन्न विषयों के 8 टेट का आयोजन किया जाता है, जिनमें से जेबीटी टेट पहले नंबर पर आयोजित होता है।
जेबीटी टेट को लेकर जेबीटी यूनियन ने हाईकोर्ट से स्टे ले लिया था, जिस पर कोर्ट ने 15 दिसंबर को सुनवाई निर्धारित की है। अन्य टेट 10, 11 व 12 दिसंबर को आयोजित होने हैं, जिसको लेकर बोर्ड प्रशासन की ओर से एक पत्र मूव करवाया गया था, जिसमें कहा गया था कि 15 दिसंबर की सुनवाई से पहले अन्य टेट होने हैं। आज ही बोर्ड को इस बारे में विदित हुआ है कि प्रदेश हाईकोर्ट ने अन्य 7 टेट आयोजित करने की परमिशन दे दी है।
