अनिल कुमार-किन्नौर : जिला किन्नौर में भी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। भारी बारिश की वजह से अब किन्नौर के ठंगी गांव के समीप एक नाले मे भयंकर बाढ़ आ गई है। इस बाढ़ ने ठंगी समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्र कुनोचारंग व लंबर गांव के सड़क संपर्क मार्ग को भी पूरी तरह क्षति पहुंचाई है ओर सड़क मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हुआ है। सड़क मार्ग अवरुद्ध होने से आने जाने वालों को दिक्कतें पेश आ रही है लेकिन बावजूद इसके भी ग्रामीण जान जोखिम मे डालकर नाले को पार कर रहे है।
जिला के ठंगी गांव के अन्य नालों मे बीते कल भी तीन बार बाढ़ आई थी जिसके चलते ठंगी गांव के दूसरे इलाकों मे भी सड़क को काफी क्षति पहुंची है। आज दोबारा ठंगी व लंबर के मध्य नाले मे बाढ़ ने नाले के समीप भूमि कटाव करने के साथ सड़क को तोड़ दिया है जिससे ठंगी व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों मे वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह ठप हो चुकी है.
ठंगी गांव के नाले मे आई बाढ़ से सड़क मार्ग अवरुद्ध होने की सुचना पर स्थानीय प्रशासन की ओर से सड़क बहाली के लिए प्रयास किए जा रहे है। प्रशासन का कहना है कि बाढ़ के आने से किसी के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन नाले के समीप कुछ सेब के बगीचों की दीवारों को नुकसान बताया जा रहा है जिसका प्रशासन आंकलन कर रहा है।
