मंजूर पठान,चंबा: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश कहर बरपा रही है जिसके चलते लोगों का जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया हैं। इसी बारिश के चलते डलहौजी के समीप लक्कड़ मंडी में देवदार का पेड़ गिरने से चार से पांच मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसके चलते लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा हैं। गनीमत यह रही कि जब देवदार का पेड़ गिरा उस समय इन मकानों के अंदर कोई भी मौजूद नहीं था, अन्यथा कोई बड़ा हादसा देखने को मिल सकता था।
बता दें कि भारी बारिश के चलते जगह-जगह लैंडस्लाइड हो रहा हैं। उसके अलावा पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं,जिसके चलते इसका नुकसान आम जनमानस को उठाना पड़ रहा हैं, हालांकि पेड़ गिरने के बाद घरों को हुए नुकसान को लेकर डलहौजी प्रशासन ने अपनी एक टीम भी मौके के लिए रवाना की है ताकि नुकसान का आंकलन किया जाए और नुकसान के हिसाब से उन्हें राहत प्रदान करने का कार्य किया जाए।
बता दें कि इस आपदा के दौरान लगातार भारी बारिश से परेशानी बढ़ रही हैं। चंबा जिला प्रशासन ने भी लोगों से आवाह्न किया कि वह भारी बारिश के दौर में कहीं आने जाने की जहमत ना उठाएं क्योंकि लगातार लैंडसाइड होने से भी दिक्कत हो रही हैं।
वहीं दूसरी ओर डलहौजी के नायब तहसीलदार कैलाश चंद का कहना है कि देवदार के पेड़ गिरने से घरों को नुकसान हुआ है जिसके बारे में विभाग ने अपनी टीम भेजी है और जो भी नुकसान हुआ है सरकार के मैनुअल के हिसाब से उन्हें राहत राशि प्रदान की जाएगी। फौरी राहत के तौर पर प्रशासन की ओर से चारो परिवारों को पांच पांच हजार की राहत राशि दी गई हैं।
