राहुल चावला,धर्मशाला : प्रदेश में हो रही भारी बारिश अभी भी अपना क+हर बरपा रही हैं। बारिश से होने वाले नुकसान की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को भारी बारिश के धर्मशाला के कोतवाली बाजार में 4 दुकानें देखते ही देखते मटियामेट हो गई और दुकानदार के पास मन मसोटने के अलावा और कोई चारा नज़र नहीं आया। दरअसल ज़मीन के धंसने के चलते बाजार में ऊपर की दो दुकानें नीचे के क्षेत्र की दो दुकानों के ऊपर आ गई जिसके बाद जहां ऊपर की दुकानों को आंशिक रूप से नुकसान हुआ वहीं नीचे की दोनों दुकानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा हैं।
पीड़ित दुकानदारों ने दुकानों के गिर जाने के बाद इसकी जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी। स्थानीय प्रशासन की ओर से पटवारी और अन्य कर्मचारियों ने मौके का आकर मुआयना किया और पीड़ित दुकानदारों को हर संभव सहयोग देने का भी आश्वासन दिया, मगर सवाल ये उठता है कि आख़िर सालों से दुकानदारी कर रहे इन दुकानदारों को ऐसी नौबत आई ही क्यों?
जानकारी देते हुए पीड़ित दुकानदारों ने कहा कि यह घटना भारी बरसात के दौरान सड़कों के दोनों ओर पानी की उचित निकासी न हो पाने की वजह से हुई है और आज इसका ख़ामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा हैं। हालांकि उन्होंने इस बाबत कई मर्तबा लोक निर्माण विभाग, नगर निगम के पार्षदों और कमेटी के प्रधानों को भी शिकायत दर्ज करवाई थी, बावजूद इसके आज दिन तक उनके कानों पर जूं नहीं रेंगी नतीज़तन घटना सभी के सामने हैं।
उन्होंने कहा कि आज उनकी दुकान बारिश की चपेट में आने से ढही हैं। आने वाले समय में यही बारिश अन्य भवनों के लिए भी नुकसानदेह हो सकती हैं। अगर आज भी पानी की निकासी के लिए धर्मशाला में उचित प्रबंध नहीं किए गए तो इस तरह की घटनाएं आगे भी होंगी। ऐसे में आज हुई इस घटना से ही सभी को सबक लेने की जरूरत हैं।
