संजु चौधरी, शिमला: प्रदेश में हुई भारी बारिश आने हेरिटेज रेलवे ट्रैक कालका शिमला को काफी ज्यादा क्षति पहुंचाई हैं। बरसात के दिनों में सड़क मार्ग बंद होने के बाद शिमला आने वाले पर्यटकों के पास कालका शिमला रेलवे ट्रैक का ही एक विकल्प बचता था, लेकिन इस बार भारी बारिशों के चलते सोलन और कालका के बीच रेल ट्रैक पर जगह-जगह हुए भूस्खलन की वजह से इस रेलवे ट्रैक पर चलने वाली सभी गाड़ियों को 6 अगस्त तक स्थगित कर दिया गया हैं। ट्रैक पर जगह-जगह भूस्खलन, पेड़ और पत्थर गिरने से ट्रैक प्रभावित होने के चलते यह निर्णय लिया गया हैं।
वहीं मंगलवार को रेलवे की ओर से कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर शिमला से सोलन तक ट्रेन चलाकर एक ट्रायल किया गया हैं। यह ट्रायल सफल रहा हैं। अब शिमला से सोलन तक ट्रैक को ट्रेनों के संचालन के लिए दुरुस्त कर दिया गया हैं। इस बीच उत्तर रेलवे की शिमला और सोलन के बीच लोकल ट्रेन यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई जाएगी। वहीं फिलहाल 6 अगस्त तक सोलन से कालका तक ट्रैक को ट्रेनों के लिए स्थगित रखा जाएगा और ट्रैक पर कोई गाड़ी नहीं चलेगी।
बता दें कि सोलन से धर्मपुर के बीच पेड़ गिरने, कोटी और सोलन के बीच दो जगह भूस्खलन, धर्मपुर और कुमारहट्टी के बीच भूस्खलन और जल जमाव, सोलन और धर्मपुर स्टेशनों के बीच जल जमाव और भूस्खलन, धर्मपुर सलोगड़ा और कोटी के बीच रेलवे ट्रैक पर भूस्खलन और पेड़ गिरने से रेल की आवाजाही बंद हैं। कुछ जगहों पर रेल ट्रैक को भी नुकसान पहुंचा है जिसके कारण रेल सेवा बहाल करने के लिए अगले 3 हफ्तों के लिए गाड़ियाें की आवाजाही रोकने का फैसला लिया गया हैं। 21 दिन बाद 6 अगस्त को ट्रैक का निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण में यदि ट्रैक गाड़ियों के संचालन के लिए सही पाया गया तो रेल सेवा बहाल की जाएगी।
