Shimla, Sanju-प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि राज्य में भारी वर्षा के चलते 285 सड़कों पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि कोई भी राष्ट्रीय राजमार्ग बंद नहीं हुआ है।
बारिश की वजह से 968 विद्युत ट्रांसफार्मर ठप हो गए हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। साथ ही 23 पेयजल योजनाएं भी पूरी तरह से प्रभावित हुई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्व मंत्री ने बताया कि बारिश जनित घटनाओं में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं सड़क हादसों में 19 लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सड़क और जलशक्ति विभाग को अब तक करीब 75 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।रामपुर की सरपारा पंचायत में एक मकान क्षतिग्रस्त हुआ है और तीन गौवंश बह गए हैं। मंत्री ने लोगों से अपील की है कि जिन क्षेत्रों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है, वहां फिलहाल न जाएं और पूरी सावधानी बरतें, क्योंकि कभी भी आपदा की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।उन्होंने यह भी जानकारी दी कि रेड अलर्ट वाले जिलों में मुख्यमंत्री द्वारा स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है, ताकि बच्चों और अभिभावकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
