राकेश,ऊना: पंजाब में वारिस पंजाब के नए मुखी अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद से हिमाचल में भी इसका प्रभाव देखने को मिल रहा हैं। विशेष रूप से पंजाब से सटे राज्यों में यह प्रभाव दिखना शुरू हो गया हैं। हिमाचल प्रदेश में पंजाब से सटी सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई हैं। हिमाचल पुलिस ने आला अधिकारियों के निर्देश के बाद पंजाब से सटी सीमाओं पर जांच प्रक्रिया आवश्यक और तेज कर दी गई हैं।
प्रदेश में प्रवेश करने वाले और प्रदेश से बाहर जाने वाले वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की जा रही हैं। इसमें किसी भी प्रकार की कोताही नहीं की जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य के ऊना जिले में भी पंजाब से जुड़ी सीमाओं पर पुलिस बल की अतिरिक्त संख्या तैनात कर दी गई हैं। पुलिस किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए मुस्तैद नजर आ रही हैं। प्रत्येक संदिग्ध पर पुलिस बारीकी से नजर बनाए हुए हैं।
एडिशनल एसपी ऊना परवीन धीमान ने बताया कि अमृतपाल से प्रभावित गुटों के कोई भी समर्थक या सदस्य किसी भी प्रकार से हिमाचल में प्रवेश ना कर सके और शांति व्यवस्था को भंग ना कर सके , इसके लिए हिमाचल पुलिस की ओर से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही हैं। पूरे प्रदेश में पुलिस को चाक-चौबंद कर दिया गया हैं। यही नहीं पुलिस ने लोगों से भी इस मामले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह को फैलाने से बचने की अपील की हैं।
