शिमला, हिमाचल प्रदेश | हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने दावा किया है कि अगले एक हफ़्ते में सभी जिला अध्यक्षों की नियुक्ति पूरी कर दी जाएगी। कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद अभी तक पार्टी की कार्यकारिणी का गठन नहीं हो पाया है।
बीजेपी ने भी पार्टी में हो रही देरी को लेकर सवाल खड़े किए हैं। इस बीच विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि जल्द ही वे अपनी कार्यकारिणी का गठन भी करेंगे, ताकि संगठन मजबूत होकर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट सके।
विनय कुमार ने कहा कि नया साल उनके लिए चुनौतियों से भरा है और वे हर तरह की चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को मज़बूती देने और आगामी विधानसभा चुनाव में अच्छी रणनीति बनाने के लिए उन्होंने पुख़्ता योजना तैयार की है। उन्होंने यह आश्वासन भी दिया कि नियुक्तियों के बाद कांग्रेस संगठन अधिक सक्रिय और मजबूत होकर जनता से जुड़ेगा।
