शिमला (एकता): हिमाचल में फैसले का दिन आखिरकार आ ही गया। आज वीरवार यानि 8 दिसम्बर को पता चलेगा कि 5 साल बाद सरकार बदलने का रिवाज बदलेगा या फिर जयराम सरकार का राज। आज इसका फैसला हो जाएगा। बता दें कि मतगणना 8 बजे शुरू होगी। शाम तक 412 प्रत्याशियों के भविष्य पर फैसला होगा। पता चल जाएगा कि राज्य में किसकी सरकार बन रही है। मतगणना की प्रक्रिया के तहत पहले सुबह 8 से साढ़े 8 बजे तक पोस्टल बैलेट की गणना की जाएगी। प्रदेश में मतगणना वाले दिन ड्राई-डे रहेगा।
मतगणना केंद्रों के क्षेत्र में धारा-144
मतगणना केंद्रों के सीमित दायरे में वीरवार को धारा-144 लगाई गई है। इससे संबंधित आदेश निर्वाचन आयोग ने जिला प्रशासनों को जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया के लिए पहला रेंडमाइजेशन पहली दिसम्बर को, दूसरी रेंडमाइजेशन 6 दिसम्बर को व तीसरी 8 दिसम्बर को मतगणना आरंभ होने से पहले की जाएगी। उन्होंने कहा कि लाहौल-स्पीति विधानसभा क्षेत्र की मतगणना भुंतर में, भरमौर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना चम्बा में, जबकि किन्नौर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना रिकांगपिओ में होगी।
