राहुल चावला,धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा के हाल ही में जारी किए गए प्रमाण पत्रों को वापिस मंगवा लिया हैं। इसके लिए प्रदेश के समस्त स्कूल प्रधानाचार्यों को पत्र जारी किया गया हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने उन प्रमाण पत्रों को वापिस मंगवाया है, जिन प्रमाण पत्रों में विज्ञान संकाय के फिजिक्स विषय में लिखित और प्रेक्टिकल के अंक अलग-अलग मुद्रित नहीं किए गए हैं।
पत्र में कहा गया है कि यदि ऐसे प्रमाण पत्र स्कूल प्रधानाचार्यों को प्राप्त हुए हैं तो उनको बोर्ड कार्यालय में वापिस जमा करवा दिया जाए, जिससे नए प्रमाण पत्र जारी किए जा सकें। बता दें कि बोर्ड की ओर से हाल ही में इस वर्ष आयोजित बारहवीं की परीक्षा के प्रमाण पत्र स्कूलों को जारी किए गए थे, जिनमें से कुछ प्रमाण पत्रों में विज्ञान संकाय के फिजिक्स विषय के लिखित और प्रेक्टिकल परीक्षा के अंक अलग-अलग मुद्रित नहीं हुए थे, ऐसे प्रमाण पत्रों को बोर्ड ने वापिस मंगवा लिया हैं।
बोर्ड सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि इस संबंध में बोर्ड ने जांच बिठा दी है और उसके उपरांत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
