मंजूर पठान, चंबा: प्रदेश में विधानसभा चुनाव का समय नजदीक आ रहा है ऐसे में जिला प्रशासन की ओर से भी और जिला में युवा मतदाताओं सहित अन्य मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान तेजी से चलाए जा रहे हैं जहां युवा मतदाताओं को वोट करने के लिए जागरूक किया जा रहा है तो वहीं उन्हें स्वीप कार्यक्रम के तहत ईवीएम और वीवीपैट के इस्तेमाल की जानकारी भी मुहैया करवाई जा रही है।
चंबा जिला में भी यह जागरूकता अभियान चल रहा है। यहां स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया की मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के लिए सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा निर्वाचक भागीदारी जागरूकता कार्यक्रम” के तहत जिला के विभिन्न पोलिंग स्टेशनों में ईवीएम एवं मतदान जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई है।
उन्होंने बताया कि इन गतिविधियों के तहत विधानसभा क्षेत्र चंबा के तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा,चौगान,जनसाली व चौंतडा और विधानसभा क्षेत्र भटियात के तहत मौतला व गरनोटा में स्वीप कार्यक्रम के तहत लोगों को मतदान के महत्व और ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई है।
स्वीप कार्यक्रम के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीन के प्रशिक्षकों की ओर से ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया और वीवीपैट के माध्यम से मतदान सत्यापन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है ।
