ऊना, राकेश-: राजकीय महाविद्यालय ऊना की मेजबानी में HPU इंटर-कॉलेज हॉकी टूर्नामेंट का बुधवार को इंदिरा स्टेडियम ऊना में शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में पुरुष और महिला वर्ग की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर ऊना के एसपी सचिन हीरामेठ मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने हॉकी मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से मुलाकात की और हैंडशेक कर उनका उत्साह बढ़ाया। इससे पहले खेल विभाग की ओर से मुख्य अतिथि का स्वागत एवं सम्मान किया गया।
इस अवसर पर एसपी सचिन हीरामेठ ने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को फिट रखने के साथ-साथ उन्हें अनुशासन और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा खेल गतिविधियों में व्यस्त रहेंगे तो वे नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रह सकते हैं।एसपी ने प्रदेश में बढ़ते चिट्टे के मामलों पर चिंता जताते हुए कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा नशे के खिलाफ शुरू किए गए ‘चिट्टा वॉकथॉन’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। एसपी ने कहा कि युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों में लगाएं और खेल के माध्यम से प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।
