हमीरपुर, अरविंद-: हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने समय पर पेंशन और लंबित वित्तीय देयों के भुगतान को लेकर सरकार और निगम प्रबंधन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच, जिला इकाई हमीरपुर की मासिक बैठक बस अड्डा परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नंद लाल चौहान ने की, जबकि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर और जिला सचिव बलबीर पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पेंशनरों ने कहा कि हर माह पेंशन मिलने में हो रही देरी से उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मंच ने मांग रखी कि प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित रूप से पेंशन जारी की जाए और सभी लंबित वित्तीय लाभों का भुगतान जल्द सुनिश्चित किया जाए।प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अजमेर ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री के साथ 7 जून 2026 को हुई बैठक में पेंशन भुगतान के लिए 20 करोड़ रुपये जारी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके अलावा 3 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराकर पेंशन वितरण की निश्चित तिथि तय करने के निर्देश भी प्रबंधन को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा प्रतिपूर्ति के लंबित बिलों के भुगतान के लिए भी 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिसके लिए कल्याण मंच ने सरकार का आभार जताया।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिन 147 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पेंशन अभी शुरू नहीं हुई है, उन्हें शीघ्र पेंशन देने का आश्वासन मिला है। साथ ही 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता तथा 1 जनवरी 2016 से देय एरियर के मुद्दे पर जुलाई माह में चर्चा का भरोसा दिया गया है। मंच ने सरकार से इन सभी निर्णयों को जल्द धरातल पर लागू करने की मांग करते हुए कहा कि इससे पेंशनरों को बड़ी राहत मिलेगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने एकजुट होकर लंबित मामलों के शीघ्र समाधान की मांग दोहराई।
