संजीव महाजन, नूरपुर: हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से नूरपुर विधानसभा की पंचायत ममूह गुरुचाल में कुड्डी बोहार से पठानकोट जाने वाली बस को बंद करने के साथ ही इसका रूट बदल दिया गया है। एचआरटीसी की ओर से बस को बंद किए जाने को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा है। ग्रामीण एचआरटीसी के इस निर्णय का विरोध कर रहे हैं और उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस बस का रूट दोबारा से सही नहीं किया गया तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन करने के साथ ही चक्का जाम करने से भी गुरेज नहीं करेंगे।
गांववासियों ने मिलकर 35-40 सालों से चल रही पठानकोट डीपू की कुड्डी बोहार से पठानकोट जाने वाली बस को हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से से बंद किए जाने का विरोध जताया है। गांव वासियों का कहना है कि इतने सालों से यहां बस एचआरटीसी की ओर से इसी रोड पर चलाई जा रही थी तो अब अचानक से इस बस को क्यों बंद कर दिया गया। यहां के लोगों के लिए यह बस सुविधा बेहद जरूरी है और यही वजह है कि बस का रूट बदलने और बस सेवा को बंद करने का सभी ग्रामीण विरोध कर रहे है।
इस मामले को लेकर पठानकोट आर एम सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि इस बस का रुट बदलने जाने की शिकायत हमारे पास आई है। हम जल्द ही इस पर निर्णय ले रहे और जो संभव होगा इस बस के रुट को लेकर वैसे ही लोगों की सुविधा के लिए बस शुरू कर दी जाएगी ।
