चिंतपूर्णी,विकास-:विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। भीषण गर्मी और उमस के बावजूद 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर लंबी कतारें लग गईं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को कई घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। तेज धूप से बचाव के लिए कई श्रद्धालु छातों का सहारा लेते नजर आए, जबकि मंदिर प्रशासन द्वारा लगाए गए टेंट भी बढ़ती भीड़ के सामने अपर्याप्त साबित हुए।
गर्मी की छुट्टियों के चलते पंजाब, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु चिंतपूर्णी धाम पहुंचे। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सुबह 3 बजे ही मंदिर के कपाट खोल दिए, लेकिन इसके बावजूद दोपहर तक दर्शन के लिए लगी कतारें काफी लंबी हो गईं। श्रद्धालुओं को चार से पांच घंटे तक इंतजार करना पड़ा।दोपहर के समय मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश शुरू हो गई। बारिश के बावजूद श्रद्धालु लाइन में डटे रहे और माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। बाद में मौसम साफ होने पर उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी, फिर भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई।मंदिर परिसर में कई श्रद्धालुओं ने कंजक पूजन भी किया। वहीं, सुगम दर्शन सुविधा का लाभ लेने वालों की संख्या अधिक होने के कारण प्रशासन को कुछ समय के लिए सुगम पास काउंटर बंद करना पड़ा, ताकि सामान्य कतार में लगे श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन कराए जा सकें। श्रद्धालुओं की भारी आमद से स्थानीय बाजारों और व्यापारियों में भी उत्साह का माहौल देखने को मिला।
