नाहन : देवेंद्र कुमार – 2015 बैच के आईएएस अधिकारी सुमीत खिमटा ने डीसी सिरमौर का पदभार संभाल लिया है। इससे पूर्व सुमीत खिमटा डीसी लाहौल स्पीति के पद पर तैनात थे।
मीडिया से बात करते हुए सुमीत खिमटा ने कहा कि उनकी प्राथमिकता प्रदेश सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों योजनाओं और निर्देशों को सही दिशा में तीव्रता के जिला में लागू करना है। डीसी ने कहा कि सिरमौर जिला में हेलीपोर्ट, राजीव गांधी मॉडल स्कूल और इलैक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन के कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।सुमित खिमटा ने कहा कि जिला में ग्रामीण विकास की तरफ विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि जिला के दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि वेल्फेयर एडमिनिस्ट्रेशन के तहत सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा। डीसी सुमीत खिमटा ने यह भी कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य और शिक्षण सेवाओं का लाभ सभी लोगों को मिले, यह सुनिश्चित बनाया जाएगा ।साथ ही इन संस्थानों में ढांचागत सुविधाए विकसित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि आम जन के स्वास्थ्य के दृष्टिगत फूड सेफटी के मापदंडों को भी जिला में लागू किया जाएगा। इसके अलावा जनता के राजस्व सम्बन्धी कार्यों के समयबद्ध निपटारे किए जाएंगे।
