राहुल चावला, धर्मशाला: धर्मशाला के पर्यटन स्थल मैक्लोडगंज को स्मार्ट रूप देने में रोड़ा बन रहे अवैध कब्जों ओर अतिक्रमण पर अब नगर निगम धर्मशाला ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी हैं। निगम की ओर से इन्हें हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई हैं। पर्यटन नगरी मैक्लोडगंज में अतिक्रमण के कारण सड़कों ने गलियों का रूप ले लिया था। इन अतिक्रमणों को अब हटाया जा रहा हैं। वहीं अन्य दुकानदारों को भी हिदायत जारी कर दी है कि वह भी अपना अतिक्रमण हटा लें अन्यथा उनके खिलाफ भी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
नगर निगम की ओर से मौजूदा समय में मैक्लोडगंज में सड़क पर टाइलें डालने का कार्य किया जाना हैं। इसी के चलते निगम की ओर से पहले अतिक्रमण को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं, जिससे कि जो भी दुकानदार निकास नालियों पर अपनी दुकानदारी सजा रहे हैं यहां जिन्होंने अवैध निर्माण कर लिए हैं, उन्हें हटाया जा सके। इससे सड़क मार्ग भी खुलेगा और रोजाना लोगों को पेश आने वाली समस्याओं से भी निजात मिलेगी।
नगर निगम धर्मशाला के मेयर ओंकार नैहरिया का कहना है कि निगम ने मैक्लोडगंज सहित समूचे क्षेत्र में शहर के सौंदर्यीकरण के लिए विशेष अभियान चलाया हैं जिससे लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि शहर की सडकों एवं नालियों पर किसी तरह का अवैध कब्जा न किया जाए, जिससे शहर में सफाई व्यवस्था और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही। उन्होंने कहा कि बरसात का पानी सड़कों पर आ जाता हैं जिससे सभी को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के बजट को लेकर वार्षिक बैठक का अयोजन भी शीघ्र किया जाएगा। औंकार नेहरिया ने कहा कि धर्मशाला में डायरिया को लेकर भी नगर निगम विशेष तौर पर कार्य कर रहा हैं।
