शिमला: कमल भारद्वाज – मणिपुर हिंसा के मामले में 2 महिलाओं को सड़कों पर भीड़ द्वारा नग्न घुमाने और उनके साथ दुष्कर्म की घटना से देश की सियासत में उबाल है। शिमला में महिला कांग्रेस ने आज कांग्रेस मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया व मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की।
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जेनब चंदेल ने कहा कि मणिपुर हिंसा में पूरी तरह सुलग रहा है लेकिन केंद्र और मणिपुर की सरकार सोई हुई है। महिलाओं को नग्न घुमाना और उनके साथ रेप की घटना के बाद पूरा देश शर्मसार हो गया है। इस प्रकार के वीभत्स कार्य करने वाले को फांसी की सजा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर केंद्र व मणिपुर की सरकार इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में नाकाम है तो उन्हें बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए।महिलाओं को देवी मानने वाले देश में इस तरह की घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली है। मणिपुर में फैली अराजकता के बाद वहां निश्चित रूप से राष्ट्रपति शासन लगाया जाना चाहिए।
