संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश के स्कूलों में अब जल्द ही बोर्ड की परीक्षाएं शुरू होनी हैं। बोर्ड की परीक्षाओं से पहले स्कूलों में छात्रों की परीक्षाओं की तैयारी सही तरीके से हो सके इसके लिए शिक्षक भी तैयारी में जुट जाते हैं,लेकिन अगर स्कूलों में शिक्षक ही ना हो तो बच्चों को कौन पढ़ाएगा ओर उन्हें परीक्षाओं के लिए कौन तैयार करेगा यह एक बड़ा सवाल बन जाता हैं। वहीं शिक्षकों का ना होना छात्रों के लिए भी परेशानी बन जाता हैं। ऐसा ही कुछ हो रहा है उपमंडल नूरपुर के खन्नी स्थित सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों के साथ।
इस स्कूल में शिक्षकों के चल रहे खाली पदों पर कोई नियुक्ति ना होने से बच्चों को फेल होने का डर सता रहा हैं। बच्चों की इस हालत को देखते हुए स्थानीय लोगों व इन बच्चों के परिजनों में शिक्षा विभाग के प्रति काफी रोष हैं। स्कूल प्रबंधक समिति के अध्यक्ष बंदना देवी व सदस्यों रूपेंद्र, अनिल पठानिया, कमल मिन्हास ने बताय कि कॉमर्स संकाय में अर्थशास्त्र व गणित विषय के प्रवक्ताओं के पद स्कूल में रिक्त चल रहे हैं, जबकि केमिस्ट्री विषय पर शिक्षक की डेपुटेशन पर नियुक्ति हैं।
स्कूल ने प्रिंसिपल का पद नवंबर माह से रिक्त चल रहा हैं। परीक्षा के फेल होने के डर से बच्चों को ट्यूशन लेने के लिए विवश होना पड़ रहा हैं। बच्चों के अभिभावकों की ओर से शिक्षा विभाग से मांग की गई है कि स्कूल में रिक्त चल रहे पदों को जल्द भरा जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई पर कोई प्रभाव ना पड़े। वहीं नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने कहा कि इस स्कूल में चल रहे शिक्षकों के रिक्त पदों का मामला शिक्षा विभाग के समक्ष लाया जाएगा। इन रिक्त पदों को जल्द भरने का प्रयास किया जाएगा।
