कुल्लू (मनमिंदर अरोड़ा): कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर ठाकुर जहां चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं महिला कांग्रेस भी सुंदर ठाकुर के पक्ष में चुनावी प्रचार में जुट गई हैं। कुल्लू महिला कांग्रेस के द्वारा कोली बेहड में ग्रामीणों के घर द्वार जाकर प्रचार किया गया और कांग्रेस के द्वारा ‘हर घर लक्ष्मी योजना’ की भी जानकारी दी गई। इस दौरान महिलाओं को हर घर लक्ष्मी योजना के फायदे के बारे में भी बताया गया और कांग्रेस के प्रत्याशी सुंदर ठाकुर के पक्ष में भी प्रचार किया गया।
प्रचार में शामिल महिला कांग्रेस के कार्यकर्ता इंदिरा ठाकुर ने बताया कि महिलाओं के सम्मान में कांग्रेस पार्टी के द्वारा कई योजनाएं पहले भी शुरू की गई थी और आज भी महिला सम्मान के लिए कांग्रेस पार्टी काम कर रही है। इस विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश की महिलाओं के लिए हर घर लक्ष्मी योजना कांग्रेस पार्टी के द्वारा लाई गई है। इस योजना के माध्यम से 18 साल से लेकर 60 साल तक कि हर महिला को आर्थिक रूप से लाभ दिया जाएगा।
इस योजना के बारे में घर-घर जाकर महिलाओं को अवगत करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुंदर ठाकुर के द्वारा कई विकास कार्यो को पूरा करवाया गया और अब एक बार फिर से कांग्रेस संगठन ने सुंदर ठाकुर पर भरोसा जताया है। जिसके चलते कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर बैठक कर रहे हैं और ग्रामीणों में भी इस बात को लेकर उत्साह है। जिससे पता चलता है कि एक बार फिर से कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में सुंदर ठाकुर विजय होंगे।
