सचिन शर्मा, मनाली: मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर नेे शनिवार को मनाली विधानसभा के एक दिवसीय दौरे पर यहां के लोगों को करोड़ों की सौगातें दी। मुख्यमंत्री ने अपने इस दौरे के दौरान विधानसभा के अलग-अलग क्षेत्रों में कई लोकार्पण और शिलान्यास भी किए। मुख्यमंत्री ने मनाली के निकट बड़ाग्रां बिहाल में सार्वजनिक निजी भागेदारी के तहत 46 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित पारंपरिक कला एवं शिल्प केंद्र का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मनाली विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है और एशियन डेवल्पमेंट बैंक की परियोजना पारंपरिक कला एवं शिल्प केंद ‘देव लोक’ यहां आने वाले कला प्रेमियों और पर्यटकों के लिए उत्कृष्ट स्थल साबित होगा। यह महत्वाकांक्षी परियोजना प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश न केवल प्राकृतिक सौन्दर्य के लिए जाना जाता है, बल्कि पर्वतारोहण, रॉक क्लाइबिंग, रिवर राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग जैसे साहसिक खेलों के लिए भी यह आदर्श स्थल है। उन्होंने कहा कि 22 एकड़ में फैली यह परियोजना साहसिक पर्यटन प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र साबित होगी। व
इसके पश्चात प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हरिपुर में विधानसभा क्षेत्र मनाली के लिए लगभग 202.14 करोड़ रुपए का तोहफा दिया। उन्होंने 21 विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। हरिपुर में आयोजित ‘प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह को संबोधित करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल को देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों की श्रेणी में शामिल करवाने में प्रत्येक हिमाचली का योगदान रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश भर में आयोजित किए जा रहे 75 कार्यक्रमों का उद्देश्य हिमाचल के विकास में योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करना और प्रदेश के 75 वर्षों के गौरवमयी सफर से आम लोगों को अवगत करवाना है। हिमाचल प्रदेश के विकास में हर कर्मचारी, मजदूर, किसान, तकनीशियन, डॉक्टर, शिक्षक और उद्यमियों सहित सभी लोगों का योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री ने नग्गर में तहसील व जल शक्ति विभाग का उपमंडल कार्यालय खोलने, डिग्री कॉलेज हरिपुर में सभागार के निर्माण ओर कराड़सू में नया पटवार वृत्त बनाने की घोषणा भी की। 5 अक्टूबर को हिमाचल आएंगे प्रधानमंत्री, पहले एम्स ओर फिर अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में करेंगे शिरकत
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश और यहां के जनता के साथ विशेष स्नेह है और पिछले लगभग पांच वर्षों के दौरान वह सात बार राज्य का दौरा कर चुके है। अब आगामी 5 अक्तूबर को वह एक बार फिर राज्य का दौरा करेंगे।इस दौरान वह चार परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्वघाटन करेंगे और उसके बाद रैली को भी संबोधित करेंगे। इसके साथ ही देश के प्रधानमंत्री अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा में भी शिरकत करेंगे ।
