सचिन शर्मा, केलांग: जिला लाहौल स्पीति में सेवा सप्ताह के तहत सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग ओर जिला निर्वाचन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में अंतराष्ट्रीय वृद्ध दिवस पर बुजुर्ग मतदाताओं के लिए जिला मुख्यालय के उपायुक्त सभागार में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में उपायुक्त लाहौल स्पीति सुमित खिमटा ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए बुजुर्गो के मतदान प्रक्रिया में भाग लेने और उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र के पर्व में इस बार भी अपना वोट जरूर दें साथ ही समाज में अन्य युवा मतदाताओं को भी मतदान के लिए प्रेरित करें ताकि लोकतंत्र में सबकी भागीदारी सुनिश्चित
किया जा सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुमित खिमटा ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने और निर्वाचन की सही मायने में स्वतंत्र,निष्पक्ष, समावेशी सुगम और सहभागी बनाने के लिए हमारे निरंतर प्रगतिशील तंत्र के भी साक्षी है। उपायुक्त ने बताया कि निर्वाचन आयोग की ओर से बुजुर्ग मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, रैंप, आने-जाने की निशुल्क परिवहन सुविधा की व्यवस्था की गई है साथ ही फॉर्म 12 घ भरकर घर बैठे मतदान की सुविधा भी दी जा रही है ।
इस दौरान अंतराष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर वृद्ध मतदाताओं को सम्मानित किया गया साथ ही लोकतांत्रिक प्रणाली में इनके योगदान की सराहना करते हुए इनसे अपील की गई है कि युवाओं को भी मतदान के प्रति प्रेरित करें ताकि लोकतंत्र मजबूत हो। उन्होंने एक मात्र वोट के महत्व को ध्यान में रखते हुए वोट जरूर करने की अपील सभी से की है।
