संजीव महाजन,नूरपुर(TSN): डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, जाछ (नूरपुर) में औद्यानिक एवं वानिकी शिक्षा उत्सव का आयोजन किया गया। यह आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के राष्ट्रीय कृषि उच्च शिक्षा परियोजना के सहयोग से किया गया। इस कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश उद्योग विकास निगम के उपाध्यक्ष विशाल चंब्याल ने बतौर मुख्य अतिथि व नूरपुर के पूर्व विधायक अजय महाजन ने विशिष्ट अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर साइंटिफिक मॉडल, पोस्टर व स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित की गई जिसमें जिला कांगड़ा के नूरपुर, ज्वाली, इंदौरा व फतेहपुर उपमंडलों के 23 स्कूलों के दसवीं से बारहवीं कक्षा के 400 से अधिक विद्यार्थियों ओर शिक्षकों ने भाग लिया। इस मौके पर विभिन्न सरकारी विभागों व प्राइवेट उद्यमियों की ओर से एक प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया।
मुख्यातिथि विशाल चंब्याल ने कहा कृषि बागवानी में युवाओं के लिए स्वरोजगार के बहुत अवसर मौजूद है इसलिए हमारे युवाओं को कृषि को अपना प्राथमिक पेशा बनाने की ओर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने नौणी विश्वविद्यालय और जाछ केंद्र की ओर से शिक्षा उत्सव जैसे आयोजन करवाने की प्रशंसा भी की। बागवानी व वानिकी में शिक्षा, नौकरी के स्वरोजगार के अवसरों के बारे में जागरूकता लाने की इस पहल की उन्होंने सराहना की।
उन्होंने हिमाचल में बागवानी के महत्व पर बात करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में अच्छे उद्यम स्थापित करने की भी अपार संभावनाएं हैं, जिसका हमारे युवाओं को ज्ञान होना चाहिए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से मिलकर जाछ (नूरपुर)में हॉर्टिकल्चर एवं वानिकी का कॉलेज खोलने के भी प्रयास किए जाएंगे।
