नाहन : देवेंद्र कुमार – कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आपदा से जूझ रहा है और ऐसे समय में भी भाजपा के नेता राजनीति कर रहे है।
नाहन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर लगातार अपनी पीठ थपथपाकर बयान दे रहे हैं कि केंद्र से बड़ी मदद हिमाचल को मिली है, जबकि हकीकत यह है कि हिमाचल को कोई भी अतिरिक्त मदद आपदा के समय में केंद्र की सरकार अभी तक नहीं दे पाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार को सिर्फ वही पैसा केंद्र सरकार की तरफ से मिला है जो पहले से मिलना तय था। उन्होंने कहा कि हिमाचल दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सड़कों का आंकलन कर 400 करोड़ की मदद का आश्वासन दिया है और हिमाचल सरकार को उम्मीद है कि जल्द ही पैसा हिमाचल को मिलेगा। एक सवाल के जवाब में हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि आपदा के समय में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल द्वारा राजनीति की जा रही है जो उचित नहीं है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि चाहे भारतीय जनता पार्टी हो या सरकार के नुमाइंदे सभी एक साथ मिलकर आपदा की इस समय में काम करें और प्रभावितों तक राहत पहुंचाएं।उन्होंने कहा कि प्रभावितों तक हर संभव मदद मौजूदा में प्रदेश सरकार द्वारा पहुंचाई जा रही है।
