नूरपुर,संजीव-: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का ने अपने विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे सदन में उठाए। उन्होंने सरकार का ध्यान आम लोगों को पेश आ रही समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए इनके जल्द समाधान की मांग की।सदन में अपनी बात रखते हुए विधायक निक्का ने कहा कि सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली का सीधा असर आम जनता और युवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा सत्ता में आने से पहले किए गए वायदों को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि कई घोषणाएं अभी तक धरातल पर पूरी तरह लागू नहीं हो पाई हैं। उन्होंने सरकार से चुनावी वायदों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
निक्का ने प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के अवसरों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी प्रदेश की बड़ी चुनौतियों में शामिल है और युवाओं को स्थायी एवं सम्मानजनक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।विधायक ने भांग की खेती को लेकर सरकार की नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें ऐसी गतिविधियों की ओर आकर्षित किए जाने को लेकर सरकार को स्पष्ट रुख सामने रखना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने लॉटरी शुरू करने के फैसले पर भी सवाल उठाए।निक्का ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए उनके मौजूदा हालात पर भी सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में गंभीरता से कार्रवाई कर जनता को राहत देने की मांग की।गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा का बारहवां सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

