शिमला,संजु चौधरी(TSN)-हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने 2 साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है.सत्ता पक्ष ने इन 2 सालों को कामयाबी भरा बताया है तो वहीं विपक्ष इसे विफलताओं से भरा कार्यकाल बता रहा है.विपक्ष के आरोपों पर अब राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने पलटवार किया है. जगत सिंह नेगी ने कहा कि चार्ज शीट बनाना भाजपा की पुरानी आदत है पर इस पर कभी एक्शन नहीं होता है. उन्होंने जयराम ठाकुर पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी गणना उन मुख्यमंत्री में होगी जो केवल बड़ी-बड़ी बातें करते रहे मगर काम कुछ नहीं किया.वहीं इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को भाषण के दौरान रोके जाने पर जगत सिंह नेगी ने कहा कि समय की कमी के चलते उन्हें जल्दी भाषण खत्म करने को कहा गया इसमें कुछ गलत नहीं है.
जयराम न जाने कहां से लेकर आए ये आंकड़ा
हिमाचल सरकार में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सत्ता से बाहर रहने पर भाजपा चार्ज शीट लाती रही है यह भाजपा की पुरानी आदत है.लेकिन सत्ता में आने पर इस पर कोई एक्शन नहीं लिया जाता है.इस दौरान उन्होंने जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए कहा की जय राम ठाकुर बाल की खाल निकालने में एक्सपर्ट है.कार्यक्रम पर 25 करोड़ खर्च कर दिए गए यहां आंकड़ा वह न जाने कहां से लेकर आए.उन्होंने कहा कि अपने समय में भाजपा ने खूब रैलियां की.अभी तक एचटीसी का 18 लाख रुपए नहीं चुकाया है. जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान सरकार ने सरकारी कार्यक्रमों में सबसे कम खर्च किया है.इस दौरान जयराम ठाकुर ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जयराम ठाकुर और भाजपा के लोग हिमाचल के हितैषी नहीं है आपदा में 10,000 करोड़ का नुकसान हुआ लेकिन इसका छठा हिस्सा भी प्रदेश सरकार को नहीं मिल पाया अब भाजपा सांसदों ने 900 करोड़ की मांग प्रदेश के लिए की है.जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा सांसदों की देर से नींद खुली पर खुली तो सही.
भाजपा को अपने घर में झांकने की जरूरत
वहीं दो साल पूरे करने पर बिलासपुर में हुए कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को रोके जाने पर भाजपा कांग्रेस को निशाने पर ले रही है.इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा को अपने घर में झांकने की जरूरत है कि वहां किस-किस का अपमान हो रहा है.जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के सबसे बड़े राज्य के मुख्यमंत्री के बीच अभिवादन नहीं हुआ.उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में समय की कमी थी ऐसे में जल्दी भाषण खत्म करने को कहा गया जिसमें कुछ गलत नहीं है.
