शिमला:चन्द्रिका (TSN)-प्रदेश सरकार द्वारा शगुन योजना को बंद करने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.उन्होंने कहा कि बजट होने के बाद भी सरकार द्वारा पैसा बेटियों की शादी पर नहीं दिया गया।जिससे बजट लैप्स हो गया। जबकि हर ज़िले में सैकड़ों की संख्या में आवेदन लंबित पड़े हैं।लोग भटक रहे हैं,जो धनराशि शादी के समय मिलनी चाहिए थी वह साल भर से अटकी पड़ी है।यह बातें अख़बारों में छप रही हैं और सरकार के संज्ञाओं में हैं। शगुन जैसी योजना होने के बाद भी बेटियों की शादी में सरकार की तरफ़ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। लंबित पड़े हज़ारों आवेदनों में इस वित्तीय वर्ष के साथ पिछले वित्तीय वर्ष आवेदन भी शामिल हैं।
सरकार जल्दी से जल्दी करे शगुन योजना का बजट जारी
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के सभी ज़िलों में शगुन योजना का पैसा रोक दिया गया है।हर ज़िले में सैकड़ों की संख्या में आवेदन लंबित पड़े हैं। इस वित्तीय वर्ष में सरकार ने शगुन योजना के लिए बजट ही नहीं जारी किया है।जबकि पिछले वित्तीय वर्ष में बजट होने के बाद भी पैसा नहीं जारी किया गया।यह खबरें अख़बारों में छप रही है लेकिन सरकार संज्ञान नहीं ले रही है।इससे साफ़ है कि शगुन योजना का पैसा रोकने का आदेश ऊपर से ही दिया गया है।नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इसीलिए सरकार अब मीडिया के लोगों पर मुक़दमा करने की धमकी दे रही है और छवि ख़राब करने के नाम पर जेल भेजने का डर दिखा रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार में 1 अप्रैल 2021 में शगुन योजना की शुरुआत हुई थी।जिसके तहत सरकार ने बीपीएल परिवार की बेटियों की शादी में 31 हज़ार रुपए देने की योजना शुरू की थी। सामान्य परिवार में बेटी के विवाह में इतनी धनराशि मायने रखती है।उन्होंने कहा कि नई सरकारें पुरानी सरकार के काम को आगे बढ़ाने के लिए जानी जाती हैं,लेकिन यह सरकार शगुन और सहारा जैसी योजनाओं को बंद करने में लगी है।उन्होंने कहा कि सरकार जल्दी से जल्दी शगुन योजना का बजट जारी करे और सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण करे।
