मंडी : धर्मवीर – बागवानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज सुबह मंडी शहर, पंडोह और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान सीपीएस संजय अवस्थी, एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष संजीव गुलेरिया और जिलाधीश अरिंदम चौधरी भी उनके साथ रहे।
जगत सिंह नेगी ने मंडी में हनुमान घाट और अन्य क्षेत्रों में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच जाकर उनसे बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बाढ़ से पीड़ित सभी लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है ।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। सबकी सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। मंत्री ने प्रभावितों के लिए राहत और पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी की और जिला प्रशासन को जरूरी निर्देश दिए।
