मंडी,धर्मवीर(TSN)-पूर्व में रही भाजपा सरकार में मैने नेता प्रतिपक्ष होने के नाते कांग्रेस पार्टी द्वारा दिया गया हर दायित्व निभाया और उसी का ही फल है कि प्रदेश में आज कांग्रेस की सरकार है।कल जिस लाइन में वे खड़े थे आज उसी लाइन में पूर्व सीएम जयराम ठाकुर को खड़ा कर दिया है। पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर यह जुबानी प्रहार उन्ही के गृह क्षेत्र में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया है।
बता दें कि रविवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सराज विधानसभा के एक दिवसीय दौरे पर मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने थुनाग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज जयराम ठाकुर कह रहे है कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते उन्हें कई सुविधाओं से महरूम रखा जा रहा है।लेकिन प्रदेश में जब उनकी सरकार थी तो वे नेता प्रतिपक्ष थे और उन्हे भी कई सुविधाएं नहीं दी जा रही थी। इन सुविधाओं के लिए वे भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में संघर्ष करते रहे,जिनके लिए आज जयराम ठाकुर कर रहे हैं।अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर केवल उनके राजनीतिक विरोधी है,उनके साथ कोई निजी दुश्मनी नहीं है। लेकिन सत्ता में रहते हुए जयराम ठाकुर ने जो फसल बाई थी,वे आज उसी फसल को ही काट रहे हैं। यह लोकतंत्र है और यहां सरकारें आती जाती रहती हैं,शायद जयराम ठाकुर इस बात को भूल गए थे। कांग्रेस पार्टी ने उन्हें नेता प्रतिपक्ष का जो दायित्व दिया है उसे उन्होंने बखूबी निभाया और जयराम ठाकुर की सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया है।
विदेशों में भेजे जाएंगे हिमाचल के लोक कलाकार
वहीं इससे पूर्व मुकेश अग्निहोत्री ने जंजैहली में तीन दिवसीय सराज टेलेंट एंड टूरिज्म फेस्टिवल के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कहा कि मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पहाड़ की संस्कृति आपस में गहरे से जुड़ी है।कुल्लू व मंडी जिला की संस्कृति में काफी समानताएं हैं।ढाटू,टोपी व हिमाचली वेशभूषा की राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध है।सरकार का प्रयास है कि सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों के अंतर्गत हिमाचल के लोक सांस्कृतिक दलों को देश व विदेश में भेजा जाए।उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े मेलों में एक सांस्कृतिक संध्या स्थानीय कलाकारों के लिए समर्पित करने तथा इन कार्यक्रमों पर व्यय होने वाली राशि में से 50 प्रतिशत स्थानीय कलाकारों पर खर्च हो,ऐसे प्रयास भी भाषा संस्कृति विभाग द्वारा किए जा रहे हैं।
अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान मुकेष अग्निहोत्री ने सराज की जनता को करोड़ों रुपये की सौगातें प्रदान की।उन्होंने ग्राम पंचायत लम्बाथाच और रोड के लिए 4.41 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित होने वाली उठाऊ सिंचाई योजना हलीन व बलैण्ढा का शिलान्यास किया।इसके अलावा डिप्टी सीएम ने ज्वाल खड्ड व बगस्याड नाला के बाढ़ नियंत्रण कार्य का भी शिलान्यास किया,जिस पर लगभग 3.24 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे।
