मंडी,धर्मवीर(TSN)-पूर्व की जयराम सरकार के समय में चले जनमंच कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस सरकार की तरफ से लगाए गए आरोपों पर पूर्स सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने तीखा पलटवार किया है।मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी सरकार में जो जनमंच कार्यक्रम चला था वो जनता की समस्याओं के समाधान का मंच था।वो सुक्खू सरकार की पिकनिक नहीं थी,जिसमें सीएम दूरदराज के गांवों में जाकर रात को नाटी डालकर वापिस आ जाते हैं जबकि वहां की समस्याओं का कोई समाधान नहीं होता।
जयराम ठाकुर ने कहा कि जनमंच में हर व्यक्ति के हाथ में माईक देकर उनकी समस्याओं को जाना जाता था और मौके पर ही उनका समाधान भी होता था। यहां कांग्रेस सरकार में तो किसी को बोलने तक की आजादी भी नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस नेता ने इस तरह के आरोप लगाए हैं वे उनके बेबुनियाद आरोपों का जबाव देना उचित नहीं समझते हैं।
प्रदेश में बड़ी संख्या में व्याप्त है भ्रष्टाचार,समय आने पर होगा खुलासा
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है जिसका समय आने पर खुलासा किया जाएगा और जिस दिन खुलासा होगा उस दिन सरकार के पैरों तले जमीन खिसक जाएगी। सरकार बताए कि बद्दी की एसपी रातोंरात अपना आवास छोड़कर कहां चली गई।लोक निर्माण विभाग,जल शक्ति विभाग, उद्योग विभाग और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागों में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हो रहा है जिसकी सरकार कोई जांच नहीं करवा रही है।
शहीद राकेश कुमार को दी श्रद्धांजलि
इस मौके पर जयराम ठाकुर ने शहीद राकेश कुमार को श्रद्धांजलि भी दी।उन्होंने कहा कि वे जल्द ही शहीद के घर जाकर परिजनों से मुलाकात भी करेंगे।जयराम ठाकुर ने कहा कि राकेश कुमार ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया है जिसे कभी नहीं भुलाया जा सकता।हमें इस बात का दुख है कि हमने अपने एक वीर जवान को खोया है लेकिन दुख की इस घड़ी में वे परिवार के साथ हैं।
