हमीरपुर,अरविन्द -:जिला के बड़ू क्षेत्र के आसपास के कई गांवों में पीलिया के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तक आठ गांवों में कुल 39 लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें एक ही सरकारी स्कूल के 14 छात्र भी शामिल हैं।बुधवार तक संक्रमित छात्रों की संख्या 13 थी, लेकिन गुरुवार को एक और छात्र में पीलिया की पुष्टि होने के बाद यह संख्या बढ़कर 14 हो गई। इसके अलावा मोहीं गांव के एक व्यक्ति में भी पीलिया के लक्षण पाए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कुल 39 संक्रमितों में से 25 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 14 मरीज अभी विभागीय निगरानी में उपचार ले रहे हैं। इनमें से दो से तीन मरीजों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य का इलाज घर पर ही चल रहा है।स्वास्थ्य विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार सर्वे कर रही हैं और संभावित संक्रमितों की पहचान में जुटी हुई हैं। एहतियात के तौर पर लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी गई है। साथ ही जांच के लिए सात पानी के सैंपल भी लिए गए हैं।विभाग की ओर से लोगों को क्लोरीन की गोलियां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। पानी के सैंपलों की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि संक्रमण का कारण दूषित पानी है या नहीं।प्रभावित गांवों में स्वाहल से तीन, बड़ू से 11, बली से 13, मझोट से चार, काथल से दो, दोसड़का से दो, मोहीं से तीन और औद्योगिक क्षेत्र से एक मामला सामने आया है।
