कुल्लू (एकता): अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को देवी- देवताओं व बजंतरियों को बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने उत्सव के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बजंतरियों को मिलने वाली राशि में भी 15 फीसदी की बढ़ोतरी होगी और देवताओं के दूरी भत्ता में 20 फीसदी की। जयराम ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ भटकाने, लटकाने और अटकाने का काम करती है। जिन राज्यों में कांग्रेस की सरकार है वहां के ना केवल कर्मचारी बल्कि आम जनता भी परेशान है। ये लोग हिमाचल में झूठे वादों की स्तरहीन राजनीति कर रहे हैं। जयराम ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं का बस किराया आधा किया। कुल्लू से वर्चुअल माध्यम से विभिन्न जिलों के लिए विकास कार्यों के लोकार्पण व शिलान्यास करने के बाद संबोधन किया।
मुरारी बापू का लिया आशीर्वाद
मुख्यमंत्री ने सुबह अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं खेल संस्थान पहुंचकर आध्यात्मिक गुरु मुरारी बापू के आशीर्वाद लिया। बता दें कि मुरारी बापू इन दिनों मनाली में हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनकी पत्नी और शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एव खेल संस्थान के सभागार में पहुंचे। जयराम ने कहा कि मनाली में हिन्दू आध्यात्मिक नेता एवं अंतर्राष्ट्रीय संत आदरणीय मोरारी बापू जी का आशीष प्राप्त करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। यहां राम कथा सुनने का भी अवसर मिला। बापू जी के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन से हिमाचल सहित संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय हुआ है। आप सभी पर प्रभु श्रीराम की कृपा बनी रहे, यही कामना करता हूं।
