बिलासपुर : सुभाष ठाकुर-अल्ट्राटैक सीमेंट कंपनी बाग्गा में ढुलाई कार्य के लिए अधिकृत खारसी परिवहन सहकारी सभा ने बरमाणा और अंबूजा फैक्टरियां बंद होने के बाद चल रहे ट्रक ऑपरेटरों के आंदोलन का समर्थन किया है।
खारसी सभा के महासचिव एडवोकेट दौलत सिंह ठाकुर ने बिलासपुर प्रेसवार्ता में कहा कि अल्ट्राटैक सीमेंट उद्योग के ऑपरेटर भी एसीसी और अंबजूा के ट्रक ऑपरेटरों के साथ हैं। उन्होंने इस बात पर हैरानी व्यक्त की है कि दो माह की अवधि बीतने के बावजूद अभी तक समाधान का रास्ता नहीं निकल सका है। मुख्यमंत्री से जल्द से जल्द मामले का हल निकालने का आग्रह किया है। साथ ही यह भी कहा है कि जब अल्ट्राटैक कंपनी लाभ में चल रही है तो फिर एसीसी और अंबूजा फैक्टरियां घाटे में कैसे हो सकती हैं? उन्होंने कहा कि हाल ही में अल्ट्राटैक कंपनी ने ढुलाई रेट में वृद्धि की है जिसके तहत 10.58 रूपए से बढ़ाकर ढुलाई रेट अब 10.71 रूपए किया गया है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जब अल्ट्राटैक कंपनी ढुलाई रेट बढ़ा रही है तो फिर एसीसी व अंबूजा फैक्टरियों को घाटा होने का राग अडाणी ग्रुप क्यों रो रहा है? उन्होंने कहा कि दो माह की अवधि बीत चुकी है और ट्रक ऑपरेटर लगातार संघर्षरत हैं लेकिन हैरत भरा यह है कि अभी तक समाधान नहीं हो सका है। एसीसी और अंबूजा कंपनियों के दस हजार ट्रक ऑपरेटरों के समक्ष एक बड़ा आर्थिक संकट पैदा हुआ है। जिसके चलते इस ओर उचित कदम उठाए जाने चाहिए।
