संजु चौधरी, शिमला: 8 दिसंबर को प्रदेश में विधानसभा चुनावों का परिणाम घोषित होना है। परिणाम घोषित होने से पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रदेश में अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। इस बीच भाजपा प्रदेश महामंत्री ने भी भाजपा की जीत का दावा किया है। एक तरफ जहां उन्होंने भाजपा की जीत का दावा किया है तो वहीं उन्होंने कांग्रेस पर भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की घबराहट बता रही है कि उन्होंने पहले ही हार मान ली है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से हिमाचल में मतदान हुआ है उससे पूर्ण रूप से यह दिखाई दे रहा है कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने भाजपा को भारी मत दिया है।
उन्होंने कहा कि 8 दिसंबर को जब नतीजे सामने आएंगे तो उसमें स्पष्ट हो जाएगा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की डबल इंजन सरकार की नीतियों पर मोहर लगाई है। जयराम ने हिमाचल के हर वर्ग का ख्याल रखा है। आप किसी भी वर्ग को देख लो उस वर्ग के लिए जयराम ठाकुर सरकार ने कोई ना कोई काम किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से कांग्रेस बयानबाजी कर रही है उससे कांग्रेस की घबराहट सामने निकल कर आ रही है। कांग्रेस को शायद पहले ही पता चल गया है कि वो सत्ता में नहीं आने वाले हैं।
