विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: प्रदेश में ही रही सड़क दुर्घटनाओं को अगर रोकना हैं तो उसके लिए ज़रूरी हैं कि लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी हो। लोगों को यह जानकारी देने के लिए बुधवार को हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के चिंतपूर्णी राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी के सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से सड़क सुरक्षा पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता के माध्यम से क्लब के सदस्यों ने कॉलेज के छात्रों और उनके प्रियजनों को सड़क सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया। रोहिणी ठाकुर एस.एच.ओ. भरवाईं इस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रही। रोहिणी ठाकुर एस.एच.ओ.भरवाईं ने सड़क सुरक्षा पर सराहनीय विचारों के लिए प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया जाए तो समाज भी सड़क पर होने वाली अवांछित दुर्घटनाओं से सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने युवा पीढ़ी से कहा कि सड़क सुरक्षा कानून की हिदायतों और गाइड लाइन का पालन करें। इस प्रतियोगिता में कुल दस प्रतिभागियों ने भाग लिया जिसमें मिस नीलम शर्मा बीए तृतीय वर्ष ने प्रथम,पूजा बीए प्रथम वर्ष ने द्वितीय, दीपक बी कॉम तृतीय वर्ष और प्रिया बीए तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा क्लब के समन्वयक डॉ. विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल फिरोज अख्तर, हेड कांस्टेबल सुनील ठाकुर, हेड कांस्टेबल विजितर सिंह, डॉ. रेखा गुप्ता, डॉ. ज्योति शर्मा, डॉ. ऋचा शर्मा और नीलम कुमारी मौजूद रही।
