शिमला,संजु चौधरी(TSN)-शिमला के ठियोग में करोड़ों के पानी के घोटाले के आरोपों पर ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर का बयान सामने आया हैं।राठौर ने कहा है कि मामला उनके संज्ञान में आया हैं।मामले की जांच की जाएगी।दोषियों पर कड़ी कार्यवाही की होगी।
डीसी,एक्सिन और एसडीएम से बात कर मामले की जांच के आदेश
कुलदीप राठौर ने कहा कि मामला ध्यान में आने के बाद डीसी,एक्सिन और एसडीएम से बात कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।उन्होंने घोटाले की बात को मानते हुए कहा कि जिस तरह से बताया जा रहा है उससे ये बहुत बड़ा घोटाला लग रहा है,लेकिन जांच से पहले कुछ नहीं कहा जा सकता। ये सरकार भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी।जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.जनता के पैसे की बर्बादी और इस तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होगी।वहीं उन्होंने कहा कि ठियोग हॉस्टल और अस्पताल में भी घोटाले को लेकर जांच चल रही है, वहां भी कई तरह की अनियमिताएं पाई गई हैं जिस पर भी कार्यवाही की जा रही है।
दरअसल बीते कल ठियोग के पूर्व माकपा विधायक राकेश सिंघा और पूर्व प्रधान ने आरटीआई का हवाला देते हुए आरोप लगाए थे कि ठियोग उप मंडल में पीने के पानी की सप्लाई में बड़ा घोटाला हुआ है।क्षेत्र में पीने की पानी की सप्लाई ठेकेदार ने मोटर साइकिल और छोटे वाहनों से दिखाई है और कुछ वाहन नंबर तो ऐसे हैं जिनका कहीं रिकॉर्ड ही नहीं है उन्हें भी लाखों रुपए की पेमेंट की गई है जबकि टैंकर से पानी की सप्लाई होनी थी।हर साल ठियोग उप मंडल में पानी की किल्लत के समय 10 से 12 लाख रुपए में क्षेत्र के लोगों को पीने के पानी की सप्लाई होती थी लेकिन, 2024 में यह आकंड़ा एक करोड़ 13 लाख पहुंच गया। ऐसे में अब ठियोग के विधायक ने मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की बात कही है अब देखना ये होगा कि इस मामले में जांच में क्या निकल कर आता है और घोटाले का पर्दाफाश होता है तो दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती हैं।
