शिमला,संजु चौधरी(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को चुनौती दी है.जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने गारंटियां देकर सरकार बनाई और अब वह गारंटियां झूठी साबित हुई हैं.कांग्रेस को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देना चाहिए.उन्होंने कहा कि अगर सरकार में जरा भी नैतिकता है,तो दोबारा जनमत हासिल करने के लिए चुनाव में उतरना चाहिए.जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता यह तय करेगी कि वह किसे बहुमत देना चाहती है.जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार का अब तक का कार्यकाल उलट-पुलट और हास्यास्पद रहा है.
साल 2024 हिमाचल प्रदेश में रहा अस्थिरता का साल
जयराम ठाकुर ने कहा कि साल 2024 हिमाचल प्रदेश में अस्थिरता का साल रहा है.उन्होंने कॉमेडियन जसपाल भट्टी के शो का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह उल्टा-पुल्टा शो में सबकुछ उल्टा हुआ करता था.इसी तरह सरकार के काम करने का तरीका भी रहा.उन्होंने कहा कि बिना सोचे-समझे सरकार में फैसले लिए जाते हैं और जब जग हंसाई होती है, तो उन फसलों को वापस ले लिया जाता है.जयराम ठाकुर ने कहा कि टॉयलेट टैक्स,समोसा जांच और जंगली मुर्गा प्रकरण से लेकर दिसंबर के अंत में नगर निगम शिमला ने यूरिन शुल्क पर इस साल को खत्म किया.
जयराम ठाकुर ने कहा कि साल के पहले ही दिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रेस वार्ता कर लोगों से बिजली सब्सिडी सरेंडर करने की अपील कर रहे हैं.जबकि सत्ता में आने से पहले 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली की बात कही गई थी. जयराम ठाकुर ने इसे कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी करार दिया.
