राकेश, ऊना: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की ओर से अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया गया है। शिमला में जारी किए गए इस घोषणापत्र को जिला ऊना में भी नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की ओर से जारी किया गया। इस घोषणा पत्र को जारी करते हुए मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने के बाद बिना केंद्र की सहायता के ओल्ड पेंशन को बहाल कर कर्मचारियों को इसका लाभ देगी। उन्होंने कर्मचारियों की ओपीएस की मांग को सरकार बनने की दिशा में पहली कैबिनेट बैठक में पास किए जाने का भी ऐलान किया ।
ऊना में एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ओपीएस के साथ ही प्रदेश की महिलाओं को हर महीने 15 सौ रुपए भी कांग्रेस देगी । नेता विपक्ष ने इस भुगतान के लिए केंद्र की सहायता नहीं लिए जाने का भी दावा किया, हालांकि पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा की ओर से इस भुगतान के लिए पैसा कहां से आएगा, इस पर अनभिज्ञता जताने के प्रश्न पर नेता विपक्ष कुछ भी कहने से बचते हुए नज़र आए । इसके उल्ट उन्होंने कांग्रेस के घोषणापत्र को अनुभवी लोगों की ओर से सभी विषयों को ध्यान में रखते हुए बनाए जाने का दावा किया ।
