मंडी,धर्मवीर (TSN)-मौसम विभाग के अलर्ट के चलते शनिवार को मंडी जिला के कुछ स्थानों में भारी बारिश देखने को मिली। भारी बारिश के चलते पंडोह से उपर बांदल नाले ने एकाएक बाढ़ का रूप ले लिया,जिससे स़ड़क मार्ग के माध्यम से गुजर रहे नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का काफिला नाले के पास ही फंसा गया। यहां सड़क के बीचों बीच नाले में आए तेज पानी बहाव में एक टैक्सी फंसी पड़ी थी। सवा घंटे बाद जेसीबी की मदद से इस टैक्सी को हटाया गया, तब जाकर जयराम ठाकुर का काफिला वहां से निकाला। यह घटना पंडोह – कलहणी सड़क मार्ग पर करीब 3 बजे की है। इस दौरान पूर्व सीएम नेता जयराम ठाकुर सराज से मंडी आ रहे थे।
एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से हटाई गई टैक्सी
दरअसल शनिवार को पूर्व सीएम व नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने गृह क्षेत्र सराज के बागाचनोगी में अंडर 19 खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ करने पहुंचे थे।इसके पश्चात जयराम ठाकुर मंडी में पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक में भाग लेने के लिए मंडी रवाना हुए। नेता प्रतिपक्ष जैसे ही पंडोह से ऊपर बांदल के पास पहुंचे तो नाले ने उनका रास्ता रोक दिया। भारी बारिश के कारण छोटे से नाले ने झरने का रूप ले लिया था और उसके नीचे एक टैक्सी फंस गई थी। करीब एक घंटे बाद पानी कम हुआ और मौके पर जेसीबी मशीन की मदद से टैक्सी को हटाया जाया। तब जाकर सवा घंटे बाद जयराम ठाकुर का काफिला वहां से निकला पाया। मंडी पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने इस घटना का वृतांत सुनाया। नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि नाले के पानी में फंसने के कारण टैक्सी चालक को काफी नुकसान हुआ है।
वहीं मंडी पहुंचकर जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।बैठक के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि इस सदस्यता अभियान के माध्यम से पार्टी द्वारा पूरे देश भर में 10 करोड़ से अधिक व हिमाचल में 16 लाख से अधिक सदस्य जोडे जाएंगे। डिजिटल टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से भाजपा का यह सदस्यता अभियान और भी रोचक हो गया है। पार्टी के कार्यकर्ता इसमें बढ़ चढ़कर भाग ले रहे हैं और बहुत जल्द ही इस लक्ष्य को हासिल कर लिया जाएगा।
