Kullu, 19 May (TSN)-: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आज कुल्लू नगर में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा में भाग लिया। यह यात्रा ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता और देश के जांबाज सैनिकों को सम्मानित करने के उद्देश्य से विश्व जागृति मिशन द्वारा आयोजित की गई थी।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने नगर स्थित ‘साधना धाम आश्रम’ पहुंचकर परमपूज्य संत सुधांशु जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया और वहां उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि कैसे भारतीय सेना ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान के आतंकी और सैन्य ठिकानों पर सटीक प्रहार किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य शक्ति और राजनीतिक इच्छाशक्ति का प्रतीक है।
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उत्सव और वीर सैनिकों को राष्ट्र का नमन
नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “प्रधानमंत्री द्वारा लिया गया यह फैसला न केवल आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम है, बल्कि यह पाकिस्तान को यह सिखाने के लिए पर्याप्त है कि आतंकवाद को संरक्षण देने की कीमत क्या होती है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत अब सिंधु जल समझौते की समीक्षा के साथ-साथ पाकिस्तान को मिलने वाले पानी को रोकने के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचे का निर्माण कर रहा है।जयराम ठाकुर ने कहा कि तिरंगा यात्रा देशवासियों की ओर से सेना को दिया गया सम्मान और समर्थन है। उन्होंने कहा कि जब देश एकजुट होता है, तो हर चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।इस अवसर पर उनके साथ पूर्व मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, उनकी धर्मपत्नी रजनी ठाकुर, विधायक सुरेंद्र शौरी, जिला भाजपा अध्यक्ष अमित सूद, प्रदेश किसान मोर्चा महामंत्री अखिलेश कपूर, नगर पंचायत मनाली अध्यक्ष मनोज लार्जे, नगर मंडल अध्यक्ष ठाकुर दास, महामंत्री बागेश शर्मा, सुनील करवा, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला अध्यक्ष गंगा सिंह, सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
