अरविंदर सिंह,हमीरपुर(TSN): विश्व हिंदू परिषद की ओर से पूरे देश में अयोध्या में बना रहे भगवान श्री राम के मंदिर निर्माण के तहत भगवान श्री राम भव्य शौर्य जागरण यात्राओं का आयोजन किया जा रहा हैं। इसी के तहत हमीरपुर जिला के दियोट सिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर से 1 अक्टूबर को यात्रा का शुभारंभ किया जाएगा। यह जानकारी हमीरपुर में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री पंकज भारतीय ने आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित पत्रकारों को दी।
उन्होंने बताया कि भगवान श्री राम भव्य शौर्य जागरण यात्रा का शुभारंभ बाबा बालक नाथ मंदिर के महंत श्री श्री 1008 महंत राजेंद्र गिरी जी करेंगे। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय सूचना प्रसारण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री अनुराग ठाकुर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष लेखराज राणा भी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि यह यात्रा संपूर्ण हमीरपुर जिला में निकल जाएगी।
हमीरपुर के लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री पंकज भारतीय ने बताया कि शौर्य जागरण यात्रा हमीरपुर जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्र में आयोजित करने के बाद 5 अक्टूबर को हमीरपुर नगर की परिक्रमा करेगी और उसी दिन हमीरपुर के दगड़ी में यात्रा का समापन होगा। उन्होंने बताया कि समापन समारोह में बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक नीरज दुलरिया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे । उन्होंने लोगों से आह्वान करते हुए कहा कि भगवान श्री राम की भव्य शौर्य जागरण यात्रा में अपनी उपस्थिति को दर्ज करवाए ।
