सात दुकानों वाले भवन और ट्रैक्टर पर कानूनी शिकंजा, अब तक ₹30.70 करोड़ से अधिक की संपत्तियों पर कार्रवाई की पुष्टि
नूृूरपुर-: संजीव महाजन -: नशा तस्करी के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए नूरपुर पुलिस ने आर्थिक कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस की जांच के बाद एक आरोपी से संबंधित 74 लाख 12 हजार 854 रुपये मूल्य की संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश पर सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने मुहर लगा दी है। फ्रीज की गई संपत्तियों में सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन और एक ट्रैक्टर शामिल है। पुलिस के मुताबिक, अब तक नशा तस्करों की 30 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्तियों की जब्ती की पुष्टि हो चुकी है।
मामला पुलिस थाना जवाली में 6 अक्टूबर 2025 को दर्ज एफआईआर नंबर 129/2025 से संबंधित है।एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 25 और 29 के तहत दर्ज इस मामले में रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से जुड़ी संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की और उनकी खरीद के लिए इस्तेमाल किए गए धन के स्रोतों की पड़ताल की।जांच के आधार पर पुलिस थाना जवाली ने 18 सितंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(1) के तहत संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने का आदेश जारी किया। इसके बाद 15 अक्टूबर 2026 को सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने धारा 68एफ(2) के तहत आदेश की पुष्टि कर दी।
कार्रवाई के दायरे में गांव लभ में स्थित सात दुकानों वाला दो मंजिला भवन शामिल है, जिसका निर्धारित मूल्य 68 लाख 99 हजार 462 रुपये है। इसके अलावा, वर्ष 2019 में 5 लाख 13 हजार 392 रुपये में खरीदा गया ट्रैक्टर भी फ्रीज किया गया है। सक्षम प्राधिकारी के अनुसार, ट्रैक्टर की खरीद में इस्तेमाल की गई राशि के स्रोत को प्रमाणित करने के लिए पर्याप्त दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए थे।सक्षम प्राधिकारी की पुष्टि के बाद फ्रीज की गई संपत्तियों के हस्तांतरण और उनसे जुड़े लेन-देन पर नियमानुसार कानूनी प्रतिबंध लागू होंगे। नूरपुर पुलिस अब नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने और उन्हें कानून के दायरे में लाने पर विशेष ध्यान दे रही है। इस कार्रवाई का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से होने वाली कमाई पर चोट करना और तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर करना है।नूरपुर पुलिस के अनुसार, नशा तस्करी के मामलों में अब तक कुल 30 करोड़ 70 लाख 5 हजार 711 रुपये मूल्य की संपत्तियों की जब्ती की पुष्टि सक्षम प्राधिकारी द्वारा की जा चुकी है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी या अवैध मादक पदार्थों के कारोबार से संबंधित किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में जनसहयोग महत्वपूर्ण है।

