शिमला-: भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं मथुरा के विधायक श्रीकांत शर्मा 19 से 27 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश के नौ दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह प्रदेश के विभिन्न जिलों और दुर्गम क्षेत्रों का दौरा कर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। उनके प्रवास का मुख्य उद्देश्य संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करना, कार्यकर्ताओं के साथ संवाद स्थापित करना और पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाना है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय से जारी प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, श्रीकांत शर्मा 19 अक्टूबर को सुबह 11:30 बजे शिमला स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे। यहां वह दोपहर 3 बजे तक संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद रामपुर रवाना होकर शाम को विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे।20 अक्टूबर को उनका कार्यक्रम किन्नौर जिले के भावानगर में रहेगा, जहां सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निचार मंडल की बैठक होगी। इसके बाद वह कल्पा के लिए रवाना होंगे। 21 अक्टूबर को रिकांगपिओ में कल्पा और सांगला मंडलों की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। इसके उपरांत दोपहर 2:30 बजे स्पीलो में मूरंग मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बैठक होगी। दिन के कार्यक्रमों के बाद वह पूह पहुंचेंगे।22 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे नाको में पूह मंडल की बैठक होगी। इसके बाद श्रीकांत शर्मा लाहौल-स्पीति के काजा के लिए रवाना होंगे। 23 अक्टूबर को काजा में स्पीति मंडल की बैठक में भाग लेने के बाद वह केलांग पहुंचेंगे।24 अक्टूबर को केलांग मंडल की बैठक सुबह 10:30 बजे आयोजित होगी। इसके बाद दोपहर 2:30 बजे उदयपुर मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक चर्चा करेंगे। वहीं, 25 अक्टूबर को वह चंबा जिले के दुर्गम पांगी क्षेत्र में दोपहर 12:30 बजे आयोजित पांगी मंडल की बैठक में शामिल होंगे।26 अक्टूबर को पांगी से मनाली पहुंचने का कार्यक्रम है। इसके बाद 27 अक्टूबर को कुल्लू में सुबह 11 बजे जिला कुल्लू की पिछली तीन कार्यसमितियों के सदस्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। इस बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी के कामकाज से जुड़े विषयों पर चर्चा होगी।
जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की कवायद
श्रीकांत शर्मा का यह दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विशेष रूप से किन्नौर, लाहौल-स्पीति और पांगी जैसे दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में उनका प्रवास स्थानीय कार्यकर्ताओं से सीधे जुड़ने का अवसर प्रदान करेगा। इन क्षेत्रों में मंडल स्तर पर होने वाली बैठकों के माध्यम से संगठन की गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भागीदारी और स्थानीय स्तर पर सामने आने वाली चुनौतियों की समीक्षा की जाएगी।भाजपा का जोर बूथ स्तर तक संगठनात्मक नेटवर्क को सक्रिय बनाए रखने और प्रदेश नेतृत्व तथा जमीनी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर रहेगा। लगातार बैठकों और प्रत्यक्ष संवाद के जरिए पार्टी संगठन की कार्यप्रणाली को अधिक मजबूत बनाने तथा दूरदराज के क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की भूमिका को प्रभावी बनाने का प्रयास करेगी।

