अरविंदर सिंह,हमीरपुर: कांग्रेस पार्टी का इतिहास कैसा रहा है इसे कांग्रेस के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे अच्छी तरह से जानते हैं। उन्हें इसके बारे में बताने की जरूरत नहीं है। यह वही कांग्रेस है जिसने देश में घोटालों का एक ऐसा रिकॉर्ड कायम किया है जिसे कोई तोड़ नहीं सकता है। देश को गरीबी की और धकेलने में कांग्रेस के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अनिल धीमान के चुनाव प्रचार के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कही।
मीडिया से रू-ब-रू होते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास को देश की जनता भली-भांति जानती है यह वही पार्टी है जिसने देश को बांट कर राज किया है। वोट लेकर आम जनता को भूल जाते हैं। कांग्रेस ने एक परिवार को आगे रखा और देश को पीछे कर दिया जिसका खामियाजा आज देश भुगत रहा है। अनुराग ने कहा कि 2012 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने हिमाचल के हर घर से एक व्यक्ति को सरकारी नौकरी देने का वायदा किया था। पार्टी बताएं कि कितने लोगों को उसने 5 सालों में सरकारी नौकरियां दी थी। वह पीएस किसने खत्म किया था इसे सब जानते हैं। कांग्रेस सरकार के समय में इसे खत्म किया गया अब कांग्रेसी इसका जवाब जनता को दे उसके बाद भाजपा इस की बहाली पर बात करेगी।
उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर के बाद प्रदेश भर में पार्टी के चुनावी कैंपेन में बड़े स्तर पर तेजी आएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को पहले भी काफी समय दिया है और अब चुनाव के समय में वह चारों संसदीय क्षेत्रों में बड़ी रैलियां करेंगे जिससे पार्टी के प्रत्याशियों को जीत के लिए मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस बार पार्टी उम्मीदवारों की जीत का मार्जन भी बढ़ेगा।
पार्टी ने जो भी निर्णय लिए हैं वह हमेशा हित में लिए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि है व्यक्ति से ऊपर पार्टी नहीं हो सकती है। उन्होंने कहा कि भोरंज में पार्टी एक बार फिर से जीत का परचम लहराएगी। वहीं भाजपा प्रत्याशी अनिल धीमान ने कहा कि भाजपा का यह नौवां चुनाव है और 8 चुनाव लगातार पार्टी यहां जीती है। इस बार फिर से रिकॉर्ड कायम किया जाएगा। यहां की मौजूदा विधायक कमलेश कुमारी भी चुनाव प्रचार में उनके साथ चल रही है। सब लोग एकजुट होकर काम करेंगे तो एक नया रिकॉर्ड यहां फिर से बनेगा।
