सचिन शर्मा,मनाली(TSN): पर्यटन नगरी मनाली सहित जिला कुल्लू में आई बाढ़ से हुए नुक़सान को 2 महीने का समय हो चुका हैं। दो महीने का समय बीतने के साथ ही अब मनाली सहित जिला में हालात भी सामान्य होने लगे हैं और यंहा के लोगों का जनजीवन भी पटरी पर लौटने लगा हैं। अब जब हालात सामान्य होने लगे है और पर्यटकों ने भी धीरे धीरे कुल्लू मनाली का रुख करना आरंभ कर दिया है तो पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी आने वाला दशहरा और दीपावली का सीजन चलने की उम्मीद जगी हैं।
वहीं मनाली प्रशासन की ओर से भी पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं जिसके तहत मनाली प्रशासन मनाली में एक अक्टूबर को मैराथन रेस का भी आयोजन करने जा रहा हैं। मनाली में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए एसडीएम मनाली रमन शर्मा ने कहा कि बाढ़ का असर मनाली के पर्यटन कारोबार पर देखने को मिल रहा हैं । उन्होंने कहा कि अब यंहा पर हालात सामान्य हो रहे हैं और पर्यटकों को मनाली लाने के लिए कुछ कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी के तहत मनाली में 1 अक्तूबर को मनाली मैराथन के नाम से इवेंट आयोजित किया जा रहा हैं, जिसमें 5 कैटिगिरी में दौड़ आयोजित की जाएगी। इसमें फुल मैराथन, हाफ़ मैराथन, और अल्ट्रा चेलेंज के नाम से भी एक मैराथन आयोजित की जा रही है जो मनाली से रोहतांग के मध्य आयोजित की जाएगी।
