सीमा शर्मा, मंडी: इस बार दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मांडव्य कला मंच मंडी हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेगा। इसके लिए मंच के सदस्य तैयारियों के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। यहां भारतवर्ष से आए कलाकारों ने अपने- अपने प्रदेश के लोक नृत्य की झलकियां प्रस्तुत की।
संस्कृति व रक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से बंदे भारतम नृत्य उत्सव प्रतियोगिता के माध्यम से दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित किए गए ग्रैंड फिनाले में देश के 500 के लगभग कलाकारों का चयन किया गया हैं। इसी के तहत आज अशोक आतिथ्य एवं पर्यटन प्रबंधन संस्थान में भारतवर्ष से आए कलाकारों ने अपने-अपने प्रदेश के लोक नृत्य की झलकियां प्रस्तुत की।
इसके बाद इंदिरा गांधी स्टेडियम में गणतंत्र दिवस 2023 की तैयारी के लिए रिहर्सल शुरू की जाएगी। इस कार्यक्रम को संगीत जगत की जानी पहचानी विख्यात विभूतियां कोरियोग्राफ करेंगे। कार्यक्रम में मांडव्य कला मंच अपनी प्रतिभा के बल पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व कर रहा हैं। बता दें कि कि यह वहीं मंच हैं जिसने प्रदेश की लोक संस्कृति की अमिट छाप देश और दुनिया में छोड़ी हैं। और देश के 24 राज्यों में हिमाचली संस्कृति के रंग बिखेरे हैं ।
यहां चमकाया हैं हिमाचल का नाम
मांडव्य कला मंच मंडी सात बार राष्ट्रीय युवा समारोह में लोक गीत व लोक नृत्य में प्रदेश का प्रतिनिधित्व, वहीं तीन बार अखिल भारतीय लोक नाट्य उत्सव में भाग ले चुका हैं। इसके अतिरिक्त मनाली विंटर कार्निवाल में केवल पांच बार भाग लेते हुए चार बार सर्वश्रेष्ठ दल के खिताब के साथ हैट्रिक बनाकर कर कीर्तिमान स्थापित किया हैं। यही नहीं नृत्य लोक नृत्य लुड्डी को पुनः जीवित कर अब तक तीन हजार से ज्यादा प्रस्तुतियां दर्ज करने का भी रिकॉर्ड भी मंच ने दर्ज किया हैं और 34 साल से लोक संस्कृति के संरक्षण व संवर्धन के लिए यह मंच प्रयासरत हैं।
