चंबा,मंजूर पठान -: हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को अपने चंबा प्रवास के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मंगला में 73.64 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन की आधारशिला रखी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
लोक निर्माण विभाग (एचपीपीडब्ल्यूडी) चंबा मंडल द्वारा तैयार इस परियोजना के तहत विद्यालय परिसर में तीन मंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा। भवन के भूतल पर मंच (स्टेज) और ड्रेसिंग रूम, प्रथम तल पर दो कार्यालय कक्ष एवं सीढ़ियां तथा द्वितीय तल पर परीक्षा हॉल का निर्माण प्रस्तावित है। भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल 223.88 वर्ग मीटर होगा।शिक्षा मंत्री ने कहा कि भवन के निर्माण से विद्यालय में शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण वातावरण और आवश्यक संसाधनों का लाभ मिलेगा।इस मौके पर स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रबंधन समिति ने प्रदेश सरकार तथा शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा कर भवन जल्द विद्यार्थियों को समर्पित किया जाएगा।
