Summer express/धर्मशाला, राहुल-: जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अपना अभियान और तेज कर दिया है। चिट्टा, हेरोइन और चरस जैसे नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई पर रोक लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। साथ ही बार-बार नशा तस्करी के मामलों में पकड़े जाने वाले आरोपियों के खिलाफ अब कानूनी स्तर पर भी सख्त रणनीति अपनाई जा रही है।पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बताया कि नशा तस्करी का नेटवर्क बेहद संगठित होता है, जिसे तोड़ना आसान नहीं है। तस्करों तक पहुंचने के लिए पुलिस को मजबूत खुफिया तंत्र, लगातार निगरानी और तकनीकी संसाधनों का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम पूरी सक्रियता के साथ काम कर रही है और अभियान के सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं।
एसपी ने बताया कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अपने मुखबिर तंत्र को और मजबूत कर रही है ताकि तस्करी की हर गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके। इसके अलावा सीमावर्ती और संवेदनशील क्षेत्रों में भी विशेष निगरानी रखी जा रही है।उन्होंने कहा कि जो आरोपी बार-बार एनडीपीएस अधिनियम के तहत गिरफ्तार हो रहे हैं और जेल से छूटने के बाद फिर उसी अपराध में शामिल पाए जाते हैं, उनके खिलाफ पीआईटी-एनडीपीएस (PIT-NDPS) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में पुलिस अदालत में ठोस साक्ष्यों के साथ प्रभावी पैरवी कर रही है ताकि आदतन अपराधियों को आसानी से जमानत न मिल सके।
एसपी कुलभूषण वर्मा ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को खत्म करना है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं नशे के कारोबार की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का लक्ष्य युवाओं को नशे से बचाना और जिले में सुरक्षित एवं नशामुक्त वातावरण तैयार करना है।
