विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: कांग्रेस पार्टी की ओर से प्रदेश की जनता को दी गई 10 गारंटियां भाजपा को रास नहीं आ रही है। यही वह 10 कीले हैं जो रोज भाजपा के लोगों को चुभती हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला के साथ लगती पंचायत गंगोट में जसवां-परागपुर से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के प्रत्याशी सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने पर इन 10 गारंटियों पर सबसे पहले काम होगा। इन गारंटियों को पूरा करना कांग्रेस पार्टी जानती है। कांग्रेस पार्टी हमेशा से गरीब,मजदूर और किसानों के हित की पार्टी है।
इसके अलावा उन्होंने उद्योग मंत्री व बिक्रम ठाकुर को उप तहसील प्रागपुर को तहसील प्रागपुर में स्थानांतरित करने के मुद्दे पर घेेरते हुए कहा कि भाजपा के इतने बड़े मंत्री ने अपनी फेसबुक से माध्यम से झूठ फैलाया। अगर यह झूठ नहीं है तो मेमोरेंडम ऑफ कैबिनेट में क्यों तहसील प्रागपुर का नाम नहीं है। इसके अलावा उन्होंने कहा आठ बूथों का दौरा किया जहां पर लोगों का उत्साह देखते ही बनता है। हिमाचल प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी को इस चुनाव में पूर्ण बहुमत से लेकर आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने 12 नवंबर को जसवां-परागपुर की जनता से अपील करते हुए कहा कि भारी से भारी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर अपने मतदान का प्रयोग करें। इस मौके पर कांग्रेस के सचिव संजीव कालिया,पूर्व पीसीसी सेक्टरी रवि पराशर,रजनीश शर्मा,रोहित शर्मा,मोहित शर्मा,आशीष शर्मा,हरिदत्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।
