संजीव महाजन,नूरपुर: ज्वाली विधानसभा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरसर में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वितीय वाहिनी ने अमर शहीद असिस्टेंट कमांडेंट पवन चौधरी का जन्मदिवस मनाया। इस कार्यक्रम की शुरुवात शहीद पवन चौधरी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करने से हुई। आईटीबीपी द्वितीय वाहिनी बबेली कैंपस कुल्लू से आए हुए एएसआई एमएम मोहिंदर की अगुवाई में स्कूल के प्रांगण में स्थापित शहीद पवन चौधरी के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद अधिकारी की ओर से शहीद के जीवन वृतांत को श्रोताओं के समक्ष रखा गया। शहीद की वीरगाथा सुनकर सब श्रोताओं की आंखें नम हो गईं। इस अवसर पर शहीद की माता चंद्रावती को शॉल पहना कर सम्मानित किया गया।
शहीद पवन चौधरी आईटीबीपी की 20वीं वाहिनी में बतौर असिस्टेंट कमांडेंट लेह लदाख में तैनात थे। 4 जुलाई 2000 के दिन जब वह अपने कर्तव्य को निभाने हैलीकॉप्टर से गश्त लगाने जा रहे थे तभी हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और पवन चौधरी वीरगति को प्राप्त हो गए। शहीद पवन कुमार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरसर के एक होनहार विद्यार्थी थे और स्थानीय ग्राम पंचायत हरसर के निवासी थे। उनकी स्मृति में आईटीबीपी की ओर से पाठशाला में एक स्मारक का निर्माण किया गया हैं।
